जवाली. मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा है कि जयराम ठाकुर मेरे लिए बच्चे की तरह हैं और बच्चों की गलतियों को बड़े माफ करते है। उनकी किसी भी बात को मैं गौर से नहीं लेता। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ईमानदार व स्वच्छ छवि के हैं, लेकिन उनको भाजपा के राहु-केतु चलने नहीं दे रहे हैं। राहु-केतु अगर चक्र छोड़ दें, तो जयराम ठाकुर खुद निर्णय लेकर विकास करवा सकते हैं। वीरभद्र सिंह कलाकेंद्र भवन जवाली में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी टांगों पर नहीं अपितु मोदी के सहारे जीत हासिल करने की सोच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब उस गुबारे की भांति नजर आ रहे हैं, जो कि हवा भरते-भरते एक समय पर आकर फूट जाता है। उन्होंने कहा की पूर्व सांसद शांता कुमार के पिछले पांच साल में जनता को दर्शन तक नहीं दिये और अब किस मुंह से वोट मांगे जा रहे हैं। अब मोदी फडां नहीं चलेगा, क्योंकि जनता मोदी की नीतियों को जान चुकी है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चापलूसों से दूर रहने की भी सलाह दी है । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्रशासन पर कोई खास पकड़ नहीं है। शिमला में सरेआम रेप हो गया, लेकिन अभी तक आरोपियों को पकड़ा नहीं गया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अब भाजपा का खेल खत्म होने वाला है। उन्होंने कहा कि पवन व काजल युवा होने के अलावा मेहनती व जुझारू नेता भी हैं। कांग्रेस ने हमेशा ही विकास करवाया है और आगे भी करवाती रहेगी। आज जवाली में जितना भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस राज में पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार व पूर्व सीपीएस नीरज भारती द्वारा करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस राज में भी गरीब लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिलते थे गरीबों को मकान मिलते थे लेकिन कांग्रेस ने कभी भी इन पर राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा वही वादे करती है जोकि पूरा हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों लोस सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी व केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इससे पहले जवाली पहुंचने पर पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राजा नहीं फकीर है, हिमाचल की तकदीर है, राजा तुम आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं इत्यादि घोष व फूलमालाओं व ढोल-नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया गया।वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के डेढ़ साल के कार्यकाल में ही आहत हो चुकी है तथा चुनावों का वेसब्री से इंतजार कर रही है। अगर भाजपा विकास करवा रही है, तो फिर विकास के बारे में जनता को अवगत करवाएं।