गांधी चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए बोले मुख्यमंत्री 
हमीरपुर. संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को दोपहर बाद 12 बजकर 15 मिनट पर अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ रिचा वर्मा के समक्ष दाखिल किया। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने भोटा चौक से गांधी चौक तक रैली निकाली। अनुराग ठाकुर के नामांकन पत्र के दौरान हमीरपुर में भारी भीड़ देखने को मिली है। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर जीत का चौका लगाएंगे और राम लाल ठाकुर हार का चौका लगाने जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र में जुटी भीड़ को देखकर अनुराग की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा देश में मोदी एक बड़ा नेतृत्व आतंकवाद के खिलाफ लड़ी लड़ाई लड़ने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए सेना को मोदी ने छूट दी और शहीदों का बदला लेने के लिए सर्जिल स्ट्राइक भी की। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को गांधी चौक पर भाजपा की उमड़ी भीड़ को देखना चाहिए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल ने भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के लिए वोट देने की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने केन्द की योजनाओं पर कार्यकर्ताओं को वोट मांगने की सलाह दी है। उन्होंने केन्द्र की पूर्व यूपीए सरकार को घोटाले व भ्रष्टाचार की सरकार करार दिया।प्रदेश भाजपा प्रभारी तीर्थ राम रावत ने कहा कि भाजपा प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ पर जाकर केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर वोट मांगे और भाजपा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बनाएं।