अगर विकास चाहिए तो सरकार को बदलना होगा : प्रियंका

अमेठी. उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मुसाफिर खाना क्षेत्र के रसूलाबाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर नोट से वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रियंका ने कहा कि अगर विकास चाहिए तो सरकार को बदलना होगा। आपका एक-एक वोट हमें भ्रष्ट सरकार से लड़ने की ताकत देगा। प्रियंका गांधी रसूलाबाद में जनसभा को संबोधित करने 11 बजकर 24 मिनट पर पहुंचीं। अपने 30 मिनट के संबोधन में प्रियंका ने अपने भाषण की शुरुआत में जब कहा कि कोई नहीं है टक्कर में  तो जनता ने जबाब दिया क्यों पड़े हो चक्कर में। प्रियंका ने कहा कि अमेठी में 16 बार आने वाली और हर दौरे में 4 घंटे अमेठी में बिताने वाली स्मृति ने केवल अमेठी वालो के बारे में यही समझा है कि वे नोट पर बिक जाते हैं। उन्हें लगता है कि यहां का प्रधान 20 हजार में बिक जाएगा।तंज कसते हुए प्रियंका ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र बंद लिफाफों में प्रधानों को मिल गया है। किसान की आमदनी दुगनी करने का वायदा मोदी सरकार ने किया और योगी की छुट्टा जानवर फसल चट कर जा रहे हैं। किसानों के लिए पांच साल तक कुछ न करने वाले चुनाव आते ही किसान सम्मान योजना लेकर आये। यह सम्मान योजना नहीं बल्कि किसान अपमान योजना है। किसान का ऋण तो नहीं माफ़ हुआ लेकिन 550 हजार करोड़ उद्योगपति के कर्ज माफ किये गये है। प्रधानमंत्री मोदी रूस गए, अमेरिका गए, पाकिस्तान में बिरयानी भी खाने चले गए लेकिन बनारस के किसी भी गांव में जाने की फुर्सत उन्हें नहीं मिली। इसी से मोदी की नियत और नीति को समझ लीजिए।प्रियंका ने राहुल के लिए मतदान की अपील करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो आपको मनरेगा का लाभ मिलेगा, 22 लाख रिक्त पदों को भरा जायेगा, नौजवान को 12वीं तक शिक्षा मुफ़्त मिलेगी,  किसान के लिए अलग बजट बनेगा, किसानों के लिए तमाम लाभकारी योजना लाई जाएगी इसके साथ ही न्यूनतम आय योजना के तहत हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपये मिलेगा। अमेठी की जनता ही हमें शक्ति देती है, अगर आपको विकास चाहिये तो आपको मोदी सरकार को बदलना होगा। हमें उम्मीद है कि अमेठी की जागरूक जनता अपनी जागरूकता की मिशाल पेश करेगी। जनसभा को प्रियंका से पूर्व शाहीन अख्तर, कृपा शंकर सिंह, मोहम्मद आलम आदि लोगों ने भी संबोधित किया। 30 मिनट के संबोधन के बाद हरदोइया के लिए निकल गयी।